Wednesday, May 27, 2026
HomeखेलKanpur : कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब बना चैंपियन, सुपर स्ट्राइकर को 3-0 से...

Kanpur : कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब बना चैंपियन, सुपर स्ट्राइकर को 3-0 से हराया

सतेंद्र यादव के दमदार खेल से खिताब पर कब्जा, प्रथम सिंह बने बेस्ट स्कोरर

Kanpur । कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में कैंटोनमेंट क्लब की ओर से बुधवार को आजाद पार्क में आयोजित 7 ‘ए’ साइड रात्रिकालीन फुटबॉल टूर्नामेंट का शानदार समापन हुआ। समापन पर खेले गए सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। फाइनल में कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब ने सुपर स्ट्राइकर को 3-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

दिन का पहला सेमीफाइनल मैच कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब और उन्नाव स्टेडियम के बीच खेला गया, इसमें कैंटोनमेंट की टीम पूरी तरह हावी रही। मैच की शुरुआत से ही अरीब, प्रथम और सतेंद्र यादव के शानदार तालमेल ने उन्नाव की रक्षापंक्ति को दबाव में ला दिया। छठे मिनट में प्रथम सिंह ने शानदार शॉट लगाकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 15वें मिनट में अरीब के बेहतरीन पास पर सतेंद्र यादव ने गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। दूसरे हाफ में कप्तान के लंबी दूरी के पास को प्रथम ने शानदार तरीके से गोल में तब्दील किया। मैच समाप्ति से ठीक पहले कबीर के तेजतर्रार शॉट ने उन्नाव की उम्मीदों पर अंतिम चोट कर दी। इस तरह कैंटोनमेंट ने 4-0 की बड़ी जीत के साथ फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में सुपर स्ट्राइकर और यूनिवर्सिटी फुटबॉल क्लब के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिला।

मैच की शुरुआत में यूनिवर्सिटी ने आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन सुपर स्ट्राइकर की मजबूत रक्षापंक्ति ने सभी प्रयास विफल कर दिए। फिर 19वें मिनट में सुधीर की कॉर्नर किक पर आदर्श यादव ने शानदार हेडर लगाकर सुपर स्ट्राइकर को बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में यूनिवर्सिटी के आकाश ने बराबरी का गोल दागकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया। हालांकि 39वें मिनट में मिली फ्री किक पर आदर्श यादव ने सीधे शानदार गोल कर सुपर स्ट्राइकर को 2-1 से जीत दिला दी और टीम फाइनल में पहुंच गई।

फाइनल में सतेंद्र यादव ने दिखाया दमदार खेल
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब और सुपर स्ट्राइकर के बीच खेला गया। इस मैच में कैंटोनमेंट की टीम छोटे-छोटे पास, लॉन्ग पास और बेहतरीन तालमेल के साथ शुरुआत से ही हावी रही। अंडर-17 इंडिया और उत्तर प्रदेश की ओर से संतोष ट्रॉफी खेल चुके सतेंद्र यादव ने अपने शानदार खेल से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मैच के 9वें मिनट में उन्होंने लगभग 20 गज की दूरी से जोरदार शॉट लगाकर पहला गोल किया। इसके बाद 20वें मिनट में अकेले दम पर कई खिलाड़ियों को छकाते हुए दूसरा गोल दाग दिया।

दूसरे हाफ में साबिर के बेहतरीन पास पर समीर ने तीसरा गोल कर कैंटोनमेंट की जीत पक्की कर दी। सुपर स्ट्राइकर की टीम पूरे मैच में वापसी नहीं कर सकी और कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब ने 3-0 से जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

पुरस्कार विजेताओं की सूची::: फाइनल में मैन ऑफ द मैच में सतेंद्र यादव, बेस्ट स्कोरर प्रथम सिंह (9 गोल), इमर्जिंग प्लेयर (अंडर-12) हमजा आसिफ, इमर्जिंग प्लेयर (अंडर-16) जोहाद अख्तर, बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट मोहम्मद अरीब, बेस्ट गोलकीपर शुभांकित शुक्ला को चुना गया। पुरस्कार वितरण समारोह में पूर्व विधायक सुहैल अंसारी, टूर्नामेंट आयोजक अमित नारंग, आसिफ इकबाल ने खिलाड़ियों को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार प्रदान किए। इस मौके पर वसिक, शानू, अतीक, शरद, रवि, अमित, जावेद, राशिद, सौरभ, सफवान समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...