Kanpur । बेसिक शिक्षा विभाग के कंपोजिट विद्यालय ईश्वरी गंज, बिनौर के विद्यार्थियों का शैक्षिक भ्रमण बेहद रोचक और यादगार रहा। प्रधानाध्यापक जमील खान की अध्यक्षता में आयोजित इस यात्रा में बच्चों ने पढ़ाई के साथ-साथ जीवन के महत्वपूर्ण अनुभव भी हासिल किए।सुबह से ही बच्चों में भ्रमण को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया।

जैसे ही बस चली, गीत-संगीत, तालियों और हंसी से माहौल खुशनुमा हो गया। सबसे पहले विद्यार्थियों को कानपुर प्राणी उद्यान ले जाया गया,जहां शेर,हिरण,पक्षी और अन्य जीव-जंतुओं को देखकर बच्चों की आंखें खुशी से चमक उठीं। कई बच्चों ने पहली बार इतने पास से जानवरों को देखा, जिससे उनमें प्रकृति के प्रति लगाव बढ़ा।

इसके बाद बच्चों ने इस्कॉन मंदिर, कानपुर में दर्शन किए। यहां उन्हें शांति, अनुशासन और भक्ति का संदेश मिला। सकारात्मक सोच और सेवा भावना के महत्व को भी समझाया गया। वहीं, कारगिल पार्क, कानपुर में शहीदों की स्मृतियों को देखकर बच्चों में देशभक्ति की भावना जागृत हुई और उन्होंने वीर जवानों को नमन किया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह ने बच्चों के साथ समय बिताते हुए कहा कि ऐसे भ्रमण बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे किताबों से बाहर निकलकर व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त करते हैं।इस अवसर पर जफर अंसारी, भावना श्रीवास्तव, कमाल अहमद, सुषमा श्रेष्ठ, उमा मिश्रा, जैद अख्तर, अमित सिंह, शिवांशु, इमरान, सागर सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।


