जाजमऊ के मखदूम नगर में ई-रिक्शा पर बैठा मिला अज्ञात शव, पुलिस ने शुरू की शिनाख्त की कवायद
Kanpur । जाजमऊ थाना क्षेत्र के अंतर्गत मखदूम नगर सड़क किनारे उस समय हड़कंप मच गया जब एक ई-रिक्शा पर लावारिस अवस्था में लगभग 50 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति का शव पड़ा मिला। अचानक हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर जाजमऊ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि उक्त व्यक्ति संभवतः कहीं बाहर से आया था और ई-रिक्शा पर आकर बैठ गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह ई-रिक्शा पर बैठा ही था कि उसकी हालत बिगड़ी और उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने एहतियातन शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। वहीं दूसरी ओर पुलिस आसपास के क्षेत्र और थानों में गुमशुदगी के मामलों की भी जांच कर रही है, जिससे मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सके।फिलहाल पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।


