Kanpur। 70वीं जनपदीय विद्यालयीय खो-खो प्रतियोगिता में बीएनएसडी शिक्षा निकेतन का दबदबा कायम रहा। गुरुवार को विद्यालय परिसर में आयोजित प्रतियोगिता में नगर की 19 टीमों ने विभिन्न आयु वर्गों में हिस्सा लिया। बीएनएसडी शिक्षा निकेतन ने बालक वर्ग के अंडर-14 और अंडर-17 में खिताब जीता, जबकि अंडर-19 में संयुक्त विजेता रहा। विद्यालय का यह लगातार पांचवें वर्ष शानदार प्रदर्शन रहा।
अंडर-14 बालक वर्ग के फाइनल में बीएनएसडी शिक्षा निकेतन ने सेंट फ्रांसिस अशोक नगर को छह अंकों से हराकर खिताब अपने नाम किया। अंडर-17 बालक वर्ग में भी बीएनएसडी ने सेंट फ्रांसिस अशोक नगर को पराजित कर विजेता ट्रॉफी हासिल की। अंडर-19 बालक वर्ग में बीएनएसडी शिक्षा निकेतन और सेंट फ्रांसिस अशोक नगर संयुक्त विजेता रहे।
बालिका वर्ग के अंडर-14 में कानपुर विद्या मंदिर ने गुरु नानक लाटूश रोड को दो अंकों से हराकर पहला स्थान हासिल किया। अंडर-17 में बीएनएसडी शिक्षा निकेतन ने एनएलके इंटर कॉलेज, विष्णुपुरी को 12 अंकों से मात दी। अंडर-19 में एनएलके इंटर कॉलेज, अशोक नगर ने जुहारी देवी इंटर कॉलेज को चार अंकों से हराकर खिताब जीता।
प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय की उप प्रधानाचार्या मंजूबाला श्रीवास्तव ने किया। जनपदीय क्रीड़ा सचिव सत्य प्रकाश तिवारी ने टीमों से परिचय प्राप्त किया। आयोजक सचिव आशीष शुक्ला ने सभी प्रतिभागियों और अतिथियों का आभार जताया। इस दौरान कल्पना, नीतिका, नीता त्रिपाठी, निधि मिश्रा, प्रदीप विश्वकर्मा, अजीत, अक्षय सिंह, दीपक कुमार, रामजी, अभिमन्यु और कौशिकी समेत अन्य मौजूद रहे।


