Kanpur । केसीए की ओर से आयोजित प्रथम सुनील तिवारी स्मारक अंडर-13 इंटर क्रिकेट एकेडमी लीग के एक मैच में ब्लू स्टार एकेडमी ने एचएस एकेडमी को नौ विकेट से हराया। दूसरे मैच में आरवीएस एकेडमी ने डीसीए एकेडमी को दस विकेट से करारी शिकस्त दी।
किदवईनगर स्थित कानपुर साउथ-बी मैदान पर पहले मैच में एचएस एकेडमी की पूरी टीम 33.4 ओवर में 116 रन पर सिमट गई। टीम से सजल ने 34 रन बनाए, तो गेंदबाजी में नयन सिंह ने चार, नैतिक निषाद व शौर्य सचान ने दो-दो विकेट चटकाए। जवाब में ब्लू स्टार एकेडमी ने 22.3 ओवर में एक विकेट पर 117 रन बनाकर मैच जीता।
जीत में रद्र रावत ने 52 रन व अनुकल्प सैनी ने 37 रन बनाए, तो गेंदबाजी में शिवांश ने एक विकेट झटका। प्लेयर ऑफ द मैच रुद्र को चुना गया। राहुल सप्रू मैदान पर दूसरे मैच में डीसीए एकेडमी ने 29.1 ओवर में 129 रन बनाए। टीम से उदित श्रीवास्तव ने 39 व विराट माहेश्वरी ने 32 रन बनाए, तो गेंदबाजी में देवेश कार्तिक व विराज पाल ने तीन-तीन विकेट अपने नाम किए।
जवाब में आरवीएस एकेडमी ने 16.2 ओवर में बिना कोई विकेट के खोए 130 रन बनाकर मैच जीता। जीत में उत्कर्ष द्विवेदी ने नाबाद 65 रन व कृष्णा यादव ने नाबाद 50 रन की अर्द्धशतकीय पारियां खेली। प्लेयर ऑफ द मैच विराज पाल को चुना गया।


