Tuesday, July 7, 2026
HomeकानपुरKanpur : सड़े माल का काला खेल बेनकाब, मशहूर अचार फैक्ट्री पर...

Kanpur : सड़े माल का काला खेल बेनकाब, मशहूर अचार फैक्ट्री पर पड़ा छापा

झकरकटी की इकाई सील, तीन हजार किलो सड़ा कच्चा माल नष्ट, पांच नमूने जांच के लिए भेजे

Kanpur । जिस अचार को लोग स्वाद और भरोसे के साथ खरीद रहे थे, वह सड़े-गले कच्चे माल से तैयार किया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में झकरकटी स्थित एक नामचीन अचार निर्माण इकाई का यह काला सच सामने आया। टीम ने फैक्ट्री में भारी गंदगी, सड़ा हुआ कच्चा माल और खाद्य सुरक्षा मानकों की खुली अनदेखी मिलने पर पूरे परिसर को सील कर दिया।

विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि फैक्ट्री में अस्वच्छ माहौल में अचार तैयार किया जा रहा है। मंगलवार को अधिकारियों ने छापा मारा तो परिसर में चारों ओर गंदगी फैली मिली। कई जगह आम, नींबू, गाजर, गोभी समेत अन्य फल और सब्जियां सड़ चुकी थीं। सड़े माल से उठ रही दुर्गंध के बीच खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी, जिसे देखकर जांच टीम भी हैरान रह गई।

निरीक्षण के दौरान करीब तीन हजार किलोग्राम सड़ा हुआ कच्चा माल बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 2.40 लाख रुपये आंकी गई। अधिकारियों ने पूरे खराब स्टॉक को मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसके अलावा फैक्ट्री में तैयार अचार का करीब चार लाख रुपये मूल्य का स्टॉक भी जब्त कर सील कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रकार के अचार के पांच नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं तो फैक्ट्री संचालकों के खिलाफ न्यायालय में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर में मिलावटी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थ बनाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर किसी तरह की शिकायत होने पर तत्काल सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...