Saturday, October 17, 2026
HomeकानपुरKanpur : रामादेवी चौराहे पर भाजपा-कांग्रेस भिड़े, नारेबाजी के बीच धक्का-मुक्की

Kanpur : रामादेवी चौराहे पर भाजपा-कांग्रेस भिड़े, नारेबाजी के बीच धक्का-मुक्की

हंगामे में दरोगा का बिल्ला टूटा, पोस्टर फाड़ने के आरोप; पुलिस ने संभाला मोर्चा

Kanpur । विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के राम मंदिर चढ़ावा चोरी संबंधी बयान को लेकर शुक्रवार को रामादेवी चौराहे पर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों दलों के समर्थकों के बीच तीखी नारेबाजी, धक्का-मुक्की और हंगामे से कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाकर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति पर काबू पाया। हंगामे के कारण चौराहे पर कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।

#kanpur

जानकारी के अनुसार, रामादेवी चौराहे पर भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल के स्वागत की तैयारी चल रही थी। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता वहां मौजूद थे। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता विधानसभा अध्यक्ष के बयान के विरोध में प्रदर्शन करने पहुंचे। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि उनका कार्यक्रम भाजपा के कार्यक्रम के लगभग दो घंटे बाद निर्धारित था, लेकिन दोनों पक्षों के एक ही स्थान पर पहुंचने से विवाद की स्थिति बन गई।

#kanpur
Oplus_0

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच पहले नारेबाजी हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई। इस दौरान अफरातफरी मच गई। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके विरोध प्रदर्शन के पोस्टर छीनकर फाड़ दिए और जला दिए। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस पर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

#kanpur

हंगामे को नियंत्रित करने के दौरान पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। धक्का-मुक्की में उपनिरीक्षक गौरव शर्मा का वर्दी पर लगा बिल्ला टूटकर सड़क पर गिर गया। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को अलग कर हालात सामान्य किए। इसके बाद पुलिस ने कांग्रेस नेता धर्मराज चौहान और दुकानदार आशीष प्रताप सिंह को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। इसी दौरान एक बार फिर हल्की धक्का-मुक्की हुई, जिसमें एक भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर गिर पड़ा।

घटना के बाद रामादेवी चौराहे पर काफी देर तक पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। दोनों पक्षों की शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...