नगर पंचायत अध्यक्ष उपचुनाव के चलते डीएम ने घोषित किया बंदी दिवस, दुकानें-प्रतिष्ठान और स्कूल-कॉलेज भी रहेंगे बंद
Kanpur । नगर पंचायत बिठूर के अध्यक्ष पद के उपचुनाव को लेकर 13 अक्टूबर को बिठूर नगरीय क्षेत्र में बाजार और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने मतदान दिवस को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।

राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बिठूर नगर पंचायत के रिक्त अध्यक्ष पद के लिए 13 अक्टूबर को मतदान होगा। मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक कराया जाएगा। इसे देखते हुए प्रशासन ने मतदान क्षेत्र में बंदी दिवस घोषित किया है।
डीएम के आदेश के मुताबिक 13 अक्टूबर को बिठूर नगर पंचायत क्षेत्र में सभी दुकानें, वाणिज्यिक प्रतिष्ठान और कार्यालय बंद रहेंगे। इसके अलावा स्कूल और कॉलेजों में भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा। प्रशासन ने संबंधित संस्थानों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बंदी दिवस घोषित किए जाने का उद्देश्य मतदान के दिन कर्मचारियों और मतदाताओं को मतदान के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना है। प्रशासन की ओर से मतदान को लेकर अन्य जरूरी तैयारियां भी की जा रही हैं।


