Friday, July 17, 2026
HomeखेलKanpur : ग्रीन पार्क में अव्यवस्थाओं पर खेल निदेशक का बड़ा एक्शन,...

Kanpur : ग्रीन पार्क में अव्यवस्थाओं पर खेल निदेशक का बड़ा एक्शन, क्रीड़ा अधिकारी की लगाई क्लास

ऑफिस से बाहर निकलकर कभी स्टेडियम देखा है?’— खिलाड़ियों से सीधे संवाद के बाद भड़के खेल निदेशक, ऑनलाइन फीस और रोजाना रिपोर्ट का आदेश

टूटे उपकरण, गायब शटल कॉक, गंदगी और वित्तीय अनियमितताओं पर सख्त नाराजगी; दस्तावेजों की फोटो लेकर लखनऊ पहुंचे निदेशक

 

Kanpur। ग्रीन पार्क स्टेडियम की अव्यवस्थाएं देखकर खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह भड़क गए, उन्होंने क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर सिंह को जमकर फटकार लगाई। कहा, पूरे अधिकारी हो, कभी ऑफिस से बाहर निकल कर स्टेडियम देखा है। खिलाड़ी आते हैं कि नहीं, कोच क्या कर रहे हैं, खिलाड़ियों को सुविधा मिल रही है या नहीं, कभी जाकर देखा है।

मैदान के चारों तरफ झाड़ियां उगी हैं, भवनों के ऊपर पीपल-बरगद के पेड़ निकल रहे हैं। गंदगी का अंबार है। इसके बाद निदेशक ने वित्तीय अनियमितता की संभावनाओं को देखते हुए कार्यालय में रखे दस्तावेजों को भी देखा और उसकी फोटो खींचकर जांच के लिए लखनऊ साथ ले गए।

खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह ने गुरुवार अपराह्न 3.55 बजे ग्रीन पार्क का औचक निरीक्षण किया। उनके खेल कार्यालय में पहुंचते ही हड़कंप मच गया। क्रीड़ा अधिकारी नदारद थे। कार्यालय में हॉकी कोच मो. शाहिद बैठे थे। निदेशक की सूचना मिलते ही क्रीड़ा अधिकारी आनन-फानन में पहुंचे। फिर निदेशक ने क्रीड़ा अधिकारी के साथ स्टेडियम का निरीक्षण शुरू किया।

क्रिकेट, फुटबाल, हॉकी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, जिम आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद किया और कोच से पूछताछ की। खिलाड़ियों ने कई सुविधाओं की जानकारी दी। जिम में बताया कि कई उपकरण टूटे है। बैडमिंटन में शटल कॉक न मिलने की शिकायत की। जबकि खेल विभाग के कागजों में शटल कॉक की खरीदारी की गई है।

इससे नाराज खेल निदेशक ने हर असुविधा पर क्रीड़ा अधिकारी की जमकर क्लास लगाई। कहा, प्रतिदिन सुबह व शाम की कोच उपस्थिति और खिलाड़ियों की संख्या की रिपोर्ट निदेशालय भेजे। जिन दिन रिपोर्ट नहीं आई तो कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मैदान में उपस्थित सभी खेलों में खिलाड़ियों की संख्या भी एकत्र की। अधिकतर खेल में संख्या काफी कम मिली, जिस पर नाराजगी जताई। खेल निदेशक ने कहा कि ग्रीन पार्क में सिर्फ अव्यवस्थाएं व खामियां मिली हैं। क्रीड़ा अधिकारी को सभी असुविधाओं को लेकर सख्त चेतावनी दी गई है, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।

कागज में दिखी खरीदारी लेकिन न दिखे व न मिले उपकरण
शटल कॉक न मिलने की शिकायत पर निदेशक डॉ. आरपी सिंह ने खरीदारी के दस्तावेजों को चेक किया। जिसमें लाखों की खरीदारी तो मिली लेकिन शटल कॉक समेत अन्य उपकरण अधिकारी न तो दिखा पाए और न ही वो खिलाड़ियों को दी गई है। नाराज निदेशक सभी कागजी दस्तावेजों की फोटो जांच के लिए लखनऊ साथ ले गए।

वित्तीय अनियमितता रोकने को ऑनलाइन जमा होगी फीस
निदेशक डॉ. आरपी सिंह ने कहा कि कानपुर से लगातार वित्तीय अनियमितता व खामियों की शिकायत मिल रही थी। कार्यालय में मार्च के बाद से वित्तीय लेखाजोखा भी उपलब्ध नहीं कराया जा सका। जिम या अन्य खेल में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लोगों से कैश फीस वसूली जा रही थी, जिससे अनियमितता की संभावना को देखते हुए निदेशक ने ऑनलाइन फीस जमा कराने का आदेश दिया। ऑफलाइन फीस जमा नहीं होगी।

लीग जरूरी, बकाया किराया मुद्दा नहीं
खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह ने यूपी टी-20 लीग को लेकर ग्रीन पार्क के मुख्य स्टेडियम का भी निरीक्षण किया। जहां पिच क्यूरेटर भूपेंद्र व अन्य स्टाफ तैयारी में जुटे थे। तैयारी पर खेल निदेशक ने संतुष्टि जताई। यूपीसीए के बकाया किराया को लेकर खेल निदेशक ने कहा कि लीग पहले जरूरी है। जिसका किराया यूपीसीए जमा करेगा। बकाया किराया बाद में भी जमा हो जाएगा।

नवंबर में शुरू होगा स्टेडियम का कायाकल्प
डॉ. आरपी सिंह ने कहा कि ग्रीन पार्क स्टेडियम का नए सिरे से कायाकल्प किया जाना है। जिसको लेकर प्रदेश सरकार ने बजट भी पास कर दिया है। उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग खत्म होने के तुरंत बाद जीर्णोद्धार का काम तेज कर दिया जाएगा। अक्तूबर तक डीपीआर बनकर तैयार होने और नवंबर से कायाकल्प के प्रथम चरण का काम शुरू होने की पूरी उम्मीद है।

नशे में पहुंचा बाबू, भड़क उठे निदेशक
खेल कार्यालय में तैनात बाबू अविनाश कुमार नशे की हालत में पहुंचा तो निदेशक भड़क गए। अविनाश अपनी ड्यूटी के दौरान माह में 15 से 20 दिन अनुपस्थित रहता है। यह सुनते ही निदेशक ने क्रीड़ा अधिकारी को फटकार लगाई और कहा कि बाबू का मेडिकल कराकर रिपोर्ट भेजे, बर्खास्त किया जाएगा।

मुख्यमंत्री से हुई शिकायत की भी करनी थी जांच
ग्रीन पार्क स्टेडियम और क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर की शिकायत मुख्यमंत्री से की गई थी। निरीक्षण के दौरान खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह ने शिकायत की भी जांच की। उन्होंने शिकायतकर्ता शिवेंद्र सिंह सेंगर को बुलाकर पक्ष जाना और संबंधित शिकायत का निस्तारण किया।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...