Kanpur। प्रथम अंडर-15 इंटर एकेडमी क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को खेले गए मुकाबले में आरजे क्रिकेट एकेडमी ने भारत क्रिकेट एकेडमी को 130 रन से करारी शिकस्त दी। मैच में ईशात रंजीत सिंह की शानदार गेंदबाजी जीत का प्रमुख आधार रही।नवाबगंज स्थित वीएसएसडी कॉलेज स्पोर्ट्स मैदान पर खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए आरजे क्रिकेट एकेडमी ने 24.3 ओवर में 158 रन बनाए।
टीम की ओर से निगम ने 56 और यश गुप्ता ने 41 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। भारत क्रिकेट एकेडमी के लिए अक्षत और यशराज ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि दिव्यांश, अर्श गुप्ता और ऋषभ को एक-एक सफलता मिली।159 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत क्रिकेट एकेडमी की टीम आरजे के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई और मात्र 28 रन पर सिमट गई। टीम का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका।
आरजे क्रिकेट एकेडमी की ओर से ईशात रंजीत सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके। शुभ गुप्ता ने तीन और अभिषेक ने दो विकेट हासिल किए। शानदार प्रदर्शन के लिए ईशात रंजीत सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।


