Monday, August 10, 2026
HomeकानपुरKanpur :  शादी से पहले सीखेंगे रिश्तों को संभालने का ‘मंत्र’, टूटते...

Kanpur :  शादी से पहले सीखेंगे रिश्तों को संभालने का ‘मंत्र’, टूटते रिश्तों पर लगेगी लगाम

तेरे मेरे सपने’ केंद्र में भावी दंपती को मिलेगी मुफ्त काउंसलिंग, 15 हजार से अधिक पारिवारिक वाद विचाराधीन

Kanpur । शादी के बाद रिश्तों में आने वाली छोटी-छोटी खटास कहीं बड़ी दरार न बन जाए, इसके लिए अब दूल्हा-दुल्हन को सात फेरे लेने से पहले ही रिश्ते निभाने का पाठ पढ़ाया जाएगा। भावी दंपती को बताया जाएगा कि मतभेद होने पर संवाद कैसे कायम रखें, एक-दूसरे की भावनाओं को कैसे समझें और छोटी बातों को विवाद बनने से कैसे रोकें। इसके लिए गोल चौराहे के पास स्थित वन स्टॉप सेंटर में ‘तेरे मेरे सपने’ प्री-मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर शुरू किया गया है।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को केंद्र का शुभारंभ किया। राष्ट्रीय महिला आयोग की पहल पर शुरू किए गए इस केंद्र में शादी तय हो चुके युवक-युवतियों को विशेषज्ञों की ओर से निःशुल्क परामर्श दिया जाएगा। काउंसलिंग में भावी दंपती को वैवाहिक जीवन की जिम्मेदारियों, आपसी अपेक्षाओं, भावनात्मक समझ, आर्थिक नियोजन और परिवार के प्रति जिम्मेदारियों की जानकारी दी जाएगी।

#kanpur

15 हजार से अधिक मामले बने चिंता
शहर की फैमिली कोर्टों में वर्तमान में 15 हजार से अधिक पारिवारिक वाद विचाराधीन हैं। इनमें बड़ी संख्या वैवाहिक विवाद और तलाक से जुड़े मामलों की है। अधिकारियों के मुताबिक कई मामलों में संवाद की कमी, आर्थिक मुद्दों, बदलती पारिवारिक परिस्थितियों और एक-दूसरे से अलग अपेक्षाएं विवाद की वजह बनती हैं। ऐसे में विवाह से पहले काउंसलिंग के जरिए भावी दंपती को इन चुनौतियों के लिए मानसिक रूप से तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।

डीएम ने कहा कि विवाह जीवन का महत्वपूर्ण निर्णय है। रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए विश्वास, सम्मान और संवाद बेहद जरूरी हैं। कई बार छोटी असहमति समय रहते बातचीत से सुलझ सकती है, लेकिन संवाद का रास्ता बंद होने पर वही समस्या गंभीर विवाद का रूप ले लेती है। ‘तेरे मेरे सपने’ पहल का उद्देश्य विवाद होने के बाद समाधान तलाशना नहीं, बल्कि पहले ही भावी दंपती को रिश्ते की जिम्मेदारियों और चुनौतियों के प्रति जागरूक करना है।

सोमवार-शुक्रवार मिलेगा मुफ्त परामर्श
वन स्टॉप सेंटर में प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को दिनभर निःशुल्क काउंसलिंग होगी। केंद्र की प्रभारी बंदना द्विवेदी और एडवोकेट दिशा अरोड़ा भावी युगलों को परामर्श देंगी। काउंसलिंग के दौरान दी गई व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। केंद्र पर आपसी सम्मान, भावनात्मक समझ, आर्थिक योजना, वैवाहिक अधिकार एवं दायित्व और मतभेदों के स्वस्थ समाधान जैसे विषयों पर मार्गदर्शन मिलेगा। शुभारंभ के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास कुमार समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...