कांग्रेस नेता ने नगर निगम की जलनिकासी व्यवस्था पर कसा तंज, सड़क पर बैठकर किया अनोखा प्रदर्शन
Kanpur । बारिश ने शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोली तो कांग्रेस नेता ने विरोध का ऐसा तरीका अपनाया कि राहगीर भी देखते रह गए। सोमवार दोपहर गोविंदनगर के चावला मार्केट में जलभराव वाली सड़क पर कांग्रेस नेता विकास अवस्थी बाथटब लेकर पहुंच गए। बाथटब को पानी में उतारकर उसमें बैठ गए और उसे नाव की तरह चलाया। साथ मौजूद कार्यकर्ता ने कांग्रेस के झंडे को चप्पू बना लिया। अनोखे प्रदर्शन को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे महज 30 मिनट हुई बारिश के बाद चावला मार्केट समेत दक्षिण कानपुर के कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गईं। देखते ही देखते जलभराव इतना बढ़ गया कि कई दोपहिया वाहन बंद हो गए। राहगीरों को भी पानी के बीच से निकलने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जलभराव को नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल बताते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। विकास अवस्थी बाथटब में बैठकर पानी में आगे बढ़े तो कार्यकर्ता झंडे से चप्पू चलाने लगे। कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।
विकास अवस्थी ने कहा कि नगर निगम शहर को जलभराव से मुक्त रखने के दावे करता है, लेकिन थोड़ी सी बारिश में ही सड़कें तालाब बन जाती हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि यही हाल रहा तो शहरवासियों को बारिश में सड़क पर चलने के लिए वाहन नहीं, बल्कि बाथटब की जरूरत पड़ेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि दक्षिण कानपुर में जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। नालों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था को लेकर दावे तो किए जाते हैं, लेकिन बारिश के बाद स्थिति फिर जस की तस हो जाती है। कांग्रेस नेता ने जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।


