केडीए और मेट्रो अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश, बोले- दोषी कोई भी हो, कार्रवाई तय
Kanpur। गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र के नवीन नगर स्थित हार्मनी डीलक्स अपार्टमेंट का बेसमेंट धंसने से शुक्रवार को इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही विधायक सुरेंद्र मैथानी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी सुरक्षा का भरोसा दिलाया और संबंधित विभागों को तत्काल जांच के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने मेट्रो परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर अरविंद मीना से फोन पर बात की।
मेट्रो प्रशासन की ओर से बताया गया कि परियोजना का निर्माण निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि अपार्टमेंट के बेसमेंट की खुदाई तय सीमा से अधिक गहराई तक किए जाने और उसमें पानी भरने के कारण मिट्टी बैठ गई, जिससे बेसमेंट धंसने की स्थिति बनी।
हालांकि, इसकी पुष्टि तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक मैथानी ने कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) के उपाध्यक्ष को मौके पर टेक्निकल टीम भेजने और पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर शाम तक रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होनी चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही छिपाई नहीं जाएगी।
विधायक ने स्पष्ट कहा कि यदि जांच में बिल्डर की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी। वहीं, यदि मेट्रो परियोजना की किसी प्रकार की चूक पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा, “जनता की जान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।”घटना के दौरान पुलिस, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौके पर मौजूद रहे। फिलहाल केडीए की तकनीकी जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद बेसमेंट धंसने के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।


