गाजीपुर मंडल को 88 रन से हराया, सिद्धी सिंह राजावत ने झटके चार विकेट
Kanpur। चौथी डॉ. गौर हरि सिंहानिया महिला राज्य क्रिकेट प्रतियोगिता (स्पार्क कप-2026) में कानपुर रेड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गाजीपुर मंडल को 88 रन से हराकर जीत दर्ज की। टीम की जीत में बबीता यादव के नाबाद शतक और एकता सिंह के हरफनमौला खेल ने अहम भूमिका निभाई।

टाटमिल स्थित लोको स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए कानपुर रेड ने निर्धारित 35 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 202 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। बबीता यादव ने शानदार 101 रन की नाबाद शतकीय पारी खेली, जबकि एकता सिंह ने 89 रन बनाए। 203 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गाजीपुर मंडल की टीम 33.2 ओवर में 114 रन पर सिमट गई।
टीम की ओर से आकांक्षा ने नाबाद 39 और गीतांजली सिंह राजपूत ने 36 रन बनाए। कानपुर रेड की गेंदबाजी में सिद्धी सिंह राजावत ने चार विकेट झटके, एकता सिंह ने और सिद्धी मिश्रा ने दो-दो विकेट अपने नाम किया। अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए एकता सिंह को वुमंस ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार यूपीसीए की चयनकर्ता सीमा सिन्हा ने प्रदान किया।


