Kanpur । बर्रा-दो स्थित पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन में सोमवार से अंतर पब्लिक स्कूल जूनियर फुटबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पूर्णचंद्र गुप्ता स्मारक ट्रस्ट के तत्वावधान में हो रही प्रतियोगिता में शहर के 17 स्कूलों की टीमें हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रिंसिपल राकेश उपाध्याय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। पहले मुकाबले में पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन ने एलन हाउस (खलासी लाइन) को 4-0 से हराया। विजेता टीम की ओर से अयान सक्सेना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक समेत चार गोल किए। दूसरे मैच में एलन हाउस (पनकी) ने एचएस गुरुकुलम को 5-0 से शिकस्त दी। विजेता टीम की ओर से वंश ने तीन और कुशाग्र ने एक गोल किया।
तीसरे मुकाबले में एलन हाउस (रूमा) और सीएचएस स्कूल के बीच निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहा। भारी बारिश के कारण मैच का फैसला टाईब्रेकर से हुआ, जिसमें एलन हाउस (रूमा) ने 2-1 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। चौथा मुकाबला ऑक्सफोर्ड स्कूल और डीपीएस बर्रा के बीच मैदान में पानी भरने के कारण नहीं हो सका।
यह मैच बुधवार सुबह 8:15 बजे खेला जाएगा। प्रतियोगिता में बुधवार को पांच मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल बनाम डॉ. वीरेंद्र स्वरूप (किदवई नगर), दूसरा मैच जयपुरिया स्कूल बनाम मंटोरा स्कूल, तीसरा मुकाबला श्रीराम स्कूल(पनकी) बनाम सर पदमपत सिंहानिया स्कूल, चौथा मुकाबला केडीएमए बनाम मदर टेरेसा स्कूल के मुकाबले प्रमुख हैं। प्रतियोगिता का फाइनल 31 अगस्त मंगलवार को खेला जाएगा।


