सीजन में सर्वाधिक 37 विकेट लेकर देश के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज बनने का हासिल किया गौरव
Kanpur । देश के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज बनने का गौरव हासिल कर चुके उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के अयान अकरम का चयन आस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ होने वाली दो मैचों की मल्टी-डे सीरीज के लिए भारतीय-19 टीम में हुआ है। पहला मैच 27 से 30 सितम्बर तक राजकोट में तथा दूसरा 5 से 8 अक्टूबर तक अहमदाबाद में खेला जायेगा। भारतीय टीम इससे पहले आस्ट्रेलिया के साथ तीन वनडे मैचों की सीरीज भी खेलेगी।

उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन से चयनित हुए एकमात्र अयान का चयन होने से यूपीसीए में खासा उत्साह का माहौल है। पिछले वर्ष बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में जगह बनाने के बाद अयान ने इस सीजन में यूपी की तरफ से शानदार प्रदर्शन करते हुए 37 विकेट हासिल किए। जो पूरे देश में बतौर तेज गेंदबाज सर्वाधिक विकेट थे। इसके अलावा अयान ने अपने बल्ले से भी 300 रन बनाकर एक सफल ऑलराउंडर की भूमिका भी निभायी।
अयान के इसी प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने उसे आगामी दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 टीम में जगह दी है। अयान के भारतीय-19 टीम में चयन होने पर यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डा. संजय कपूर ने बधाई देते हुए कहा कि अयान की गेंदबाजी की धार कंगारुओं के छक्के छुड़ाने को तैयार है। पूरी उम्मीद है कि अयान जल्द ही आईपीएल और टीम इंडिया में भी अपना जलवा बिखेरेगा।


