अकादमी में नियमित प्रशिक्षण और बेहतर प्रदर्शन से बनाई अलग पहचान
Kanpur। कानपुर विद्या मंदिर स्पोर्ट्स अकादमी में प्रशिक्षण के प्रति उत्कृष्ट समर्पण के लिए कक्षा पांच की छात्रा अवनी सेठ को सम्मानित किया गया। अकादमी के हेड कोच एवं राष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी अनुज कुमार गौतम ने अवनी को बैडमिंटन रैकेट प्रदान कर सम्मानित किया।
अवनी आनंदराम जयपुरिया स्कूल की कक्षा पांच की छात्रा हैं। वह नियमित रूप से अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं। नियमित उपस्थिति, निरंतर अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण के चलते उन्होंने अकादमी में अपनी अलग पहचान बनाई है। प्रशिक्षण के दौरान उनकी मेहनत, लगन और नई तकनीक सीखने की इच्छा अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक बनी है।
सम्मान मिलने पर अकादमी के प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों ने अवनी का उत्साह बढ़ाया। अकादमी के चेयरमैन डॉ. डीसी गुप्ता और चीफ हेड कोच सुशील गुप्ता ने अवनी को उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल में निरंतर अभ्यास और अनुशासन ही खिलाड़ी को बेहतर प्रदर्शन की ओर ले जाता है।
इस अवसर पर आरके गुप्ता, संजय प्रजापति, योगेश बिष्ट, देविशा यादव, रशिका अग्रवाल, मोहम्मद शारिब, अनुज गौतम और गौरव सोनकर सहित अकादमी के अन्य सदस्य व खिलाड़ी मौजूद रहे। प्रशिक्षकों ने अवनी के उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।


