Tuesday, August 4, 2026
HomeकानपुरKanpur : तेज बारिश में बंबे में गिरी एएसपी की कार, छत...

Kanpur : तेज बारिश में बंबे में गिरी एएसपी की कार, छत पर चढ़कर बचाई जान

मासूम हत्याकांड की जांच से लौटते समय हादसा, दरवाजे लॉक होने से बढ़ा खतरा; पीछे आ रही पुलिस टीम ने सीढ़ी लगाकर सुरक्षित निकाला

Kanpur।  सिकंदरा थाना क्षेत्र में सोमवार रात तेज बारिश के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आलोक प्रसाद की सरकारी कार अनियंत्रित होकर रसधान-देवीपुर मार्ग स्थित औडेरी बंबा पुलिया से नीचे गहरे बंबे में जा गिरी। हादसे के समय कार में एएसपी, उनका चालक और एक हेड कांस्टेबल सवार थे। सूझबूझ और पुलिस टीम की तत्परता से तीनों की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, एएसपी आलोक प्रसाद सोमवार रात करीब नौ बजे सिकंदरा क्षेत्र में मासूम की हत्या के मामले की जांच और विभागीय कार्रवाई पूरी कर लौट रहे थे।

इसी दौरान इलाके में मूसलाधार बारिश हो रही थी। औडेरी बंबा पुलिया के पास पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित होकर पानी से भरे बंबे में जा गिरी।
हादसे के बाद कार में तेजी से पानी भरने लगा। इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम फेल होने से गाड़ी के दरवाजे लॉक हो गए, जिससे कार में सवार तीनों लोग कुछ देर के लिए अंदर ही फंस गए। विषम परिस्थितियों में एएसपी आलोक प्रसाद ने धैर्य बनाए रखा और कड़ी मशक्कत के बाद पिछला दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की। इसके बाद तीनों बाहर निकलकर डूबती कार की छत पर चढ़ गए।

इसी बीच पीछे से आ रहे सिकंदरा थानाध्यक्ष सुधाकर सिंह और उनकी पुलिस टीम की नजर बंबे में गिरी कार पर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से सीढ़ी की व्यवस्था की और एएसपी, चालक तथा हेड कांस्टेबल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में एएसपी और चालक को मामूली चोटें आईं, जिनका प्राथमिक उपचार कराया गया।

एएसपी आलोक प्रसाद ने बताया कि औडेरी बंबा पुलिया पर एल-शेप का खतरनाक अंधा मोड़ है। पुलिया पर न तो सुरक्षा रेलिंग लगी है और न ही कोई चेतावनी संकेतक। तेज बारिश और अंधेरे के कारण चालक मोड़ का सही अनुमान नहीं लगा सका, जिससे वाहन सीधे बंबे में जा गिरा। घटना के बाद पुलिया की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...