Kanpur । ग्रीन पार्क स्टेडियम को विश्व पटल पर चमकाने के लिए कमर कस चुकी प्रदेश सरकार ने 350 करोड़ रुपए बजट जारी करने के बाद अब यहां होने वाले मैचों का किराया भी कम कर दिया है। मंगलवार को लखनऊ में कैबनेट बैठक में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) को ग्रीनपार्क स्टेडियम के उपयोग से जुड़े अनुज्ञा-अनुबंध में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी है।
जिसके तहत अब यहां प्रतिभा खोज कार्यक्रम के तहत आयोजित यूपी टी-20 लीग के प्रति मैचों का किराया 2.50 लाख रुपए तथा द्वितीय श्रेणी के अंतरराष्ट्रीय मैचों का किराया पांच लाख रुपए निर्धारित किया गया है। साथ ही इसमें हर पांच साल में 25 फीसदी की वृद्धि करने का भी फैसला किया गया है। हालांकि इसमें अंतरराष्ट्रीय टी-20, वनडे और टेस्ट मैचों के किराए में कोई भी तब्दीली नहीं की गयी है।
गौरतलब है कि यूपीसीए द्वारा वर्ष 2023 में शुरू की गयी यूपी टी-20 लीग के पहले सत्र का आयोजन ग्रीनपार्क स्टेडियम में किया गया। इसमें कुल 33 मैच खेले गये, जिसके लिए खेल विभाग द्वारा प्रति मैच लगभग 33 लाख रुपए का किराया बताकर दस करोड़ से ऊपर का बिल थमाया गया। अत्यधिक बिल होने के बाद यूपीसीए इस मामले को लेकर प्रदेश सरकार के पास पहुंची। जिसके बाद तय हुआ कि इसका फैसला कैबनेट में होगा।
साथ ही पूरे मामले को लेकर एक समिति भी बनायी गयी, जिसमें कई प्रशासनिक अधिकारी शामिल थे। अंतिम फैसला आने तक यूपीसीए ने एक करोड़ रुपए भी जमा करा दिए थे। इस समिति द्वारा जो प्रस्ताव बनाकर कैबनेट में भेजा गया था, उसमें यूपी टी-20 लीग के प्रति मैचों के लिए एक लाख रुपए तथा भारत-ए और आस्ट्रेलिया-ए जैसे द्वितीय श्रेणी के मैचों के लिए पांच लाख रुपए किराया शामिल था।
मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबनेट बैठक में उक्त प्रस्ताव में संशोधन करते हुए यूपी टी-20 के प्रति मैचों के लिए 2.50 लाख तथा द्वितीय श्रेणी मैचों के लिए पांच लाख रुपए को मंजूरी दी गयी है। इस फैसले से अब ग्रीनपार्क में यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन के आयोजन होने की भी पूरी संभावनाएं हो गयी है। क्योंकि फैसले के इंतजार के चलते ही यूपीसीए ने अगले दो सीजन लखनऊ में कराए।
जहां उसे सात लाख रुपए किराया देना पड़ता था। इसके अलावा यूपीसीए पहले से ही एक करोड़ रुपए जमा कर चुका है और पहले सीजन में हुए कुल 33 मैचों का किराया 82.50 लाख रुपए ही होता है। जिससे उसके 17.50 लाख रुपए पहले ही जमा है।
प्रदेश सरकार ने ग्रीनपार्क स्टेडियम के किराए में जो कमी की है उससे यहां यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन के साथ ही कई अन्य राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन में बढ़ोत्तरी देखने को मिलेगी। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व जिला प्रशासन का दिल से आभार।
– डा.संजय कपूर, यूपी टी-20 लीग चेयरमैन

