Kanpur । केसीए की केडीएमए क्रिकेट लीग के पहले मैच में ओलंपिक रजि. ने केडीएमए को रोमांचक मैच में दो विकेट से मात दी। दूसरे मैच में ग्रेजुएट क्लब ने भारत क्रिकेट क्लब को 188 रन से पराजित किया। तीसरे मैच में सोनेट क्लब ने बीसीए को नौ विकेट से करारी शिक्स्त दी। चौथे मैच में यशराज क्लब ने बीवीएस को 95 रन से हराया।
किदवईनगर स्थित कानपुर साउथ मैदान पर पहले मैच में केडीएमए ने 40 ओवर में सात विकेट पर 306 रन बनाए। टीम से आदर्श सिंह ने 89 रन, सुधांशु चौरसिया ने 80 रन व कप्तान सतनाम सिंह ने 63 रन की अर्द्धशतकीय पारियां खेली, तो गेंदबाजी में आदित्य दीक्षित ने चार, जुबैन अंसारी ने दो, यश अरोड़ा को एक विकेट अपने नाम किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए ओलंपिक रजि. ने 39.3 ओवर में आठ विकेट पर 311 रन बनाकर जीत दर्ज की।
जीत में शिवेंद्र श्रीवास्तव ने 68 रन, आशीष चतुर्वेदी ने 63 रन, प्रबल ने 53 रन और राधेश्याम ने 32 रन की पारी खेलकर टीम को जीत दिलायी। तो गेंदबाजी में सौरभ सिंह ने चार, अभिनव ने दो व नक्षत्र ने एक को आउट किया। प्लेयर ऑफ द मैच आदित्य दीक्षित को चुना गया। श्यामनगर स्थित पीएसी मैदान पर खेले गए दूसरे मैच में ग्रेजुएट क्लब ने 40 ओवर में पांच विकेट पर 311 रन बनाए। टीम से बिलाल फिरोज ने 118 रन और अनमोल यादव ने 128 रन की शतकीय पारियां खेली, तो गेंदबाजी में मनु सिंह ने चार को आउट किया।
जवाब में भारत क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 25.2 ओवर में 123 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम से मनु सिंह ने सर्वाधिक 34 रन बनाए, तो गेंदबाजी में शिवम शुक्ला ने चार, आदर्श पांडे ने तीन, युवराज यादव ने दो और बिलाल फिरोज ने एक को आउट किया। बिलाल फिरोज को प्लयेर ऑफ द मैच चुना गया। कल्याणपुर स्थित गीता देवी क्रिकेट मैदान पर तीसरे मैच में बीसीए ने 36 ओवर में नौ विकेट पर 193 रन बनाए।
टीम से शिवांश शर्मा ने 44 रन, प्रीत भाटी ने 35 व बृजेश कुमार राय ने 33 रन बनाए, तो गेंदबाजी में दीपांशु ने तीन, अंश राय, अव्यक्त ने दो-दो विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए सोनेट क्लब ने 34.5 ओवर में एक विकेट पर 196 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। जीत में आर्यन सिंह ने 119 रन की शतकीय पारी और सूर्यांश सिंह ने 52 रन की अर्द्धशतकीय पारी खेली, तो गेंदबाजी में अक्षत ने एकमात्र विकेट अपने नाम किया। पनकी के रामलखन भट्ट मैदान पर खेले गए मैच में यशराज क्लब ने 40 ओवर में दो विकेट पर 246 रन बनाए।
टीम से आर्यन सिंह ने नाबाद 124 रन की शतकीय पारी और आर्यमान ने 62 रन बनाए, तो गेंदबाजी में शोभित और सुमित ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में बीवीएस की पूरी टीम 34 ओवर में 151 रन पर सिमट गई। टीम से शोभित ने 41 रन, सुमित ने 34 रन व आदित्य ने 32 रन बनाए, तो गेंदबाजी में मनन ने चार व समीर ने तीन को आउट किया। प्लेयर ऑफ द मैच आर्यन सिंह को चुना गया।


