Kanpur । बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से किदवई नगर स्थित स्वर्गीय रतनलाल शर्मा स्टेडियम में दो दिवसीय जनपदीय खेलकूद प्रतियोगिता बुधवार से प्रारंभ हुई। इसके पहले दिन जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए लगभग 600 छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। इसमें अंशिका चौहान व संजय ने दौड़ में पदक अपने नाम किए।

प्रतियोगिता का शुभारंभ अपर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवेंद्र प्रताप सिंह व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर एडी बेसिक ने कहा कि खेलकूद गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, जबकि बीएसए ने खिलाड़ियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन जिला व्यायाम शिक्षक विकास तिवारी ने किया। इस मौके पर मुख्यालय बीएसए सुनील द्विवेदी, संजय तिवारी, शालिनी सिंह, रत्नेश द्विवेदी, सुरेश गौर, सुनीता गुप्ता, सौरभ पांडेय, रीता देवी, अनुग्रह त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
पहले दिन के परिणाम :जूनियर वर्ग की 100, 200 और 400 मीटर दौड़ में अंशिका चौहान (चौबेपुर) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। बालक वर्ग में निखिल (बिधनू) ने 100 और 400 मीटर दौड़ में जीत के साथ स्वर्ण पदक झटके, जबकि 200 मीटर दौड़ में संजय (कल्याणपुर) ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। खो-खो प्रतियोगिता में बालक वर्ग में बिल्हौर और बालिका वर्ग में चौबेपुर की टीम विजेता रही।
लंबी कूद में सलोनी (बिल्हौर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कबड्डी बालिका वर्ग और योगासन प्रतियोगिता में भी बिल्हौर विकासखंड की टीम ने श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। बैडमिंटन सिंगल में विशाल (घाटमपुर) ने खिताब जीता, जबकि लोकगीत प्रतियोगिता में बिधनू विकासखंड प्रथम स्थान पर रहा।


