Kanpur । क्राइस्ट चर्च कॉलेज की दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता मंगलवार को फूलबाग स्थित क्राइस्टचर्च मैदान पर प्रारंभ हुई। पहले दिन दौड़ में कुलसुम फातिमा ने 400मी. और 800मी. दौड़ में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अन्य खेल स्पधाओं में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाते हुए पदक जीते।
समारोह की शुरुआत आयोजन समन्वयक डॉ. आशीष कुमार दुबे ने संबोधन से की। मंच संचालन अपराजिता सिंह, उन्नति मेहरोत्रा और आदर्श सिंह चौहान ने किया। खेलकूद प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्राचार्य प्रो. विनय जॉन सेबेस्टियन,अनिल ज्ञान प्रकाश, निखिल कनौजिया समेत अन्य शिक्षकगण मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के परिणाम::100 मीटर दौड़ के पुरुष वर्ग में राजन कुशवाहा और महिला वर्ग में श्रद्धा राजपूत ने पहला स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर में नबील सरताज और कुलसुम, 400 मीटर में विनायक और कुलसुम, जबकि 800 मीटर दौड़ में विनायक सिंह चौहान और कुलसुम फातिमा विजेता रहीं। रिले रेस में बालकों की एनसीसी टीम और बालिकाओं की बीकॉम टीम ने बाजी मारी।
फील्ड स्पर्धाओं में लंबी कूद में कृष्णा तिवारी और दुर्गेश नंदिनी गुप्ता, गोला व चक्का फेंक में ईशांक मिश्रा और अनुष्का, भाला फेंक में सोनू राहु और अनुष्का ने स्वर्ण पदक हासिल किया। रस्साकशी में विज्ञान संकाय की टीमों ने बालक और बालिका दोनों वर्गों में जीत दर्ज की। बाधा दौड़ और शिक्षकों की 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रही, जिसमें डॉ. आशीष कुमार दुबे ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।


