Kanpur । केडीएमए लीग में बुधवार को छह मुकाबले खेले गए। इसमें अंजुल की शतकीय पारी से तिलक सोसाइटी ने जीत हासिल की। अन्य मुकाबलों में फ्रेंड्स, कानपुर जिमखाना, केएन टाइटंस, नवाबगंज एथलेटिक्स और आरबीआइ एकादश जीत हासिल की।
मंटोरा मैदान में पहले बल्लेबाजी करते हुए तिलक सोसाइटी ने 36 ओवर में तीन विकेट पर 288 रन बनाए। इसमें अंजुल मिश्रा (197) ने 137 गेंदों पर 32 चौके लगाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए किंग्स एकादश 25वें ओवर में 111 रनों पर सिमट गया। गेंदबाजी में तिलक सोसाइटी के अनुज पाल ने चार, आकाश जैन ने तीन, रहमान खान ने दो विकेट लेकर टीम को 177 रनों की एकतरफा जीत दिलाई।
मैच में शतक लगाने वाले अंजुल को मैन आफ द मैच चुना गया। शुक्लागंज के सप्रू मैदान हुए दूसरे मुकाबले में फ्रेंड्स यूनियन ने 40 ओवर में नौ विकेट पर 230 रन बनाए। जवाब में फ्रेंड्स क्लब 148 रन ही बना सका और मुकाबले में 82 रन से हार का सामना करना पड़ा। जेम्स मैदान में खेले गए मुकाबले में कानपुर जिमखाना एकादश ने तीन विकेट से प्रिंस एकादश को हराया। चौथे मुकाबले में केएन टाइटंस ने 161 रनों के बड़े अंतराल से स्पोर्टिंग यूनियन को शिकस्त दी।
पांचवें मुकाबले में नवाबगंज एथलेटिक्स ने गोल्डन एकादश को 270 रनों से पराजित किया। एवरेस्ट मैदान में खेले गए अंतिम मुकाबले में आरबीआइ एकादश ने चार विकेट से एमयूसी एकादश को शिकस्त दी।


