पोस्टर-बैनर लेकर पहुंचे वार्ड-37 के लोग, महापौर के बेटे पर बस्ती हड़पने का गंभीर आरोप
Kanpur । शहर की राजनीति रविवार को उस समय उबाल पर पहुंच गई, जब मोतीझील स्थित सरस मेले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा के भीतर चल रहा विवाद खुलकर सामने आ गया। जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के कार्यक्रम में वार्ड संख्या-37 के संतलाल हाता के सैकड़ों लोग हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर पहुंच गए। लोगों ने महापौर प्रमिला पांडेय और उनके बेटे बंटी के खिलाफ आक्रोश जताते हुए बस्ती पर कब्जा कराने के गंभीर आरोप लगाए।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि संतलाल हाता की बस्ती में वर्षों से गरीब परिवार निवास कर रहे हैं, लेकिन अब उन्हें उजाड़ने की साजिश रची जा रही है। आरोप है कि महापौर का बेटा बंटी बस्ती की जमीन को खरीदकर वहां एक बड़ा मॉल बनाना चाहता है। इसी उद्देश्य से बस्ती के लोगों पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि बंटी की ओर से दबंगई दिखाई जा रही है और खुलेआम यह कहा जा रहा है कि जिस जमीन पर नजर पड़ती है, उस पर कब्जा करके ही दम लेते हैं। इससे बस्ती के लोगों में दहशत का माहौल है।
प्रभारी मंत्री के कार्यक्रम में अचानक बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
हालात को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया और भीड़ को कार्यक्रम स्थल से दूर रोक दिया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि अव्यवस्था से बचने के लिए केवल चार प्रतिनिधि ही प्रभारी मंत्री से मिलकर अपनी समस्या रखें। पुलिस ने शेष लोगों को वहां से हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
इसके बाद संतलाल हाता के चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय से मुलाकात कर अपनी पीड़ा विस्तार से बताई और लिखित ज्ञापन सौंपा। लोगों ने शिकायत की कि स्थानीय स्तर पर उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है, जिसके चलते उन्हें मजबूरन मंत्री तक पहुंचना पड़ा। प्रतिनिधिमंडल ने बस्ती को उजाड़ने की कथित कोशिशों पर तत्काल रोक लगाने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
इस घटनाक्रम ने न केवल कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा, बल्कि शहर की राजनीति में भी हलचल मचा दी। भाजपा के अंदर चल रहे अंतर्विरोध सार्वजनिक मंच पर आ जाने से राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। प्रभारी मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को मामले पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


