Kanpur। केसीए की केडीएमए क्रिकेट लीग के पहले मैच में कानपुर साउथ ने ओलंपिक रजि. को नौ विकेट से पराजित किया। दूसरे मैच में फ्रेंड्स यूनियन ने इलेवन स्टार को 176 रन के बड़े अंतर से हराया।
श्यामनगर स्थित पीएसी मैदान पर खेले गए मुकाबले में ओलंपिक रजि. की पूरी टीम 31.2 ओवर में 96 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम से यश अरोरा ने 23 रन बनाए, तो गेंदबाजी में अनुज पाल ने चार, अमन भदौरिया ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए कानपुर साउथ ने 12.3 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 99 रन बनाकर मैच जीता। जीत में अमन भदौरिया ने 38, सागर शर्मा ने 36 रन की पारी खेली, तो गेंदबाजी में जेबान अंसारी ने एक विकेट अपने नाम किया।
प्लेयर ऑफ द मैच अमन भदौरिया को चुना गया। राहुल सप्रू मैदान पर खेले गए क्वार्टर फाइनल मैच में फ्रेंड्स यूनियन ने 40 ओवर में आठ विकेट पर 277 रन बनाए। टीम से साहिल वर्मा ने 67 रन, सोनू यादव ने 50 रन, हर्ष मिश्रा ने 44 रन बनाए, तो गेंदबाजी में देवांश दुबे ने तीन, अमन दुबे व ओम नारायण ने दो-दो विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए इलेवन स्टार की पूरी टीम 28.4 ओवर में 101 रन पर ढ़ेर हो गई।
टीम से अर्नव सिंह ने सर्वाधिक 26 रन बनाए, तो गेंदबाजी में अविनाश ने तीन व आदित्य सिंह ने दो विकेट अपने नाम किए। प्लेयर ऑफ द मैच साहिल वर्मा को चुना गया।


