Kanpur। कोयला नगर के गुरु हरराय स्कूल में सोमवार से तीन दिवसीय 3×3 बास्केटबॉल प्रतियोगिता शुरू हुई। इस प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17, अंडर-19 व सीनियर पुरुष और महिला वर्ग की करीब 100 टीमें भाग ले रही हैं। पहले दिन अल्फा हंटर्स ने दो मुकाबले जीते।
प्रतियोगिता का शुभारंभ स्कूल प्रबंधन सदस्य सरदार मनमोहन सिंह, विशिष्ट अतिथि सरदार जसबीर सिंह, अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी पूनम चतुर्वेदी और विद्यालय की प्रधानाचार्या मोनिका गुप्ता ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।

प्रतियोगिता के पहले दिन बालक वर्ग में कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। अंडर-14 वर्ग में अल्फा हंटर्स ने मर्सी मेमोरियल स्कूल को 8-2 से हराया। सीएसजेएमयू सब जूनियर ने डीजे वाले बाबू को 12-2 से शिकस्त दी, जबकि अल्फा हंटर्स ने अपने दूसरे मुकाबले में मदर टेरेसा कोयला नगर को 9-0 से पराजित कर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

अन्य मुकाबलों में जेएनएस हूपर्स ने चिंटेल्स मिनी को 7-5 से, एसएएफ ने अल्फा फ्यूरियस को 5-3 से और क्वीन हंटर्स ने बेंचमेट्स को 9-5 से हराया। दिन के सबसे हाई-स्कोरिंग मुकाबले में न्यूयॉर्क नॉक्स ने बून्स को 14-7 से मात दी।

बालिका वर्ग में हूप हसलर ने नेट निंजाज को 2-0 से हराकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।
इस मौके पर कानपुर देहात बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष उल्लास वाही, महासचिव शिवराज शाह, कोषाध्यक्ष विनय पांडेय, सीएसजेएम विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव, आयोजन समिति के केके यादव, शोभित दीक्षित, संजीव सचान, नवल तिवारी, अतुल पटेल और गोविंद सिंह आदि रहे।


