Kanpur। बर्रा दो स्थित पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन के फुटबाल ग्राउंड में चल रही इंटर स्कूल जूनियर फुटबाल प्रतियोगिता में बुधवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। शानदार प्रदर्शन के साथ ऐलन हाउस (पनकी), पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन, सिंहानिया स्कूल और मदर टेरेसा स्कूल ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।
पहले क्वार्टर फाइनल में ऐलन हाउस (पनकी) ने डीपीएस बर्रा को 2-0 से हराया। विजेता टीम की ओर से अंश ने शानदार गोल किया। दूसरे मुकाबले में पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन ने एलन हाउस (रूमा) को 5-0 से पराजित किया। पूर्णचंद्र की ओर से निपुण और अभान ने बेहतरीन गोल किए। तीसरे क्वार्टर फाइनल में सिंहानिया स्कूल और जयपुरिया स्कूल के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद ट्राइब्रेकर में सिंहानिया स्कूल ने 2-1 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। चौथे मैच में मदर टेरेसा स्कूल ने डॉ. वीरेन्द्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर (किदवईनगर) को 1-0 से हराया।
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले 31 अगस्त को सुबह 8:30 बजे से खेले जाएंगे। पहला सेमीफाइनल पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन और एलन हाउस (पनकी) के बीच, जबकि दूसरा सेमीफाइनल सिंहानिया स्कूल और मदर टेरेसा स्कूल के बीच होगा। इसके बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।


