कानपुर के कर्नलगंज स्थित अपोलो हॉस्पिटल में इलाज के दौरान 12 वर्षीय बच्चे की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही और गलत इलाज का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
Kanpur। कानपुर कमिश्नरेट के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में स्थित अपोलो हॉस्पिटल एक बार फिर विवादों में आ गया है। यहां इलाज के दौरान 12 वर्षीय अरसलान की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतक अरसलान कन्नौज के गुरसहायगंज का निवासी था। बच्चे के पिता मोहम्मद राशिद का आरोप है कि अस्पताल में इलाज के दौरान गलत इंजेक्शन या दवा देने से बच्चे की हालत अचानक बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि इंजेक्शन लगने के बाद बच्चे की तबीयत तेजी से खराब हुई, लेकिन पूरी रात कोई डॉक्टर उसे देखने नहीं आया।
परिजनों का यह भी कहना है कि सुबह तक बच्चे को समुचित इलाज नहीं मिला, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मामले की सूचना मिलने पर कर्नलगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। परिजनों ने थाने में तहरीर देकर न्याय की मांग की है।थाना प्रभारी विनीत चौधरी के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों और अस्पताल प्रशासन से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस घटना के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं और पूरे मामले ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।


