कानपुर दौरे पर सपा प्रमुख ने भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था और चुनाव आयोग पर उठाए सवाल
Kanpur । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कानपुर दौरे के दौरान भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रदेश में भ्रष्टाचार, प्रशासनिक विफलता और चुनावी धांधली के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विकास के नाम पर केवल “कमीशनखोरी” हावी है।
पूर्व मुख्यमंत्री कानपुर में अपने पूर्व सुरक्षा कर्मी रहे स्वर्गीय लाला पहलवान को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के वोटों को प्रभावित करने की साजिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि सपा ने हर स्तर पर “पीडीए प्रहरी” तैनात किए हैं ताकि वोटों की रक्षा की जा सके।
अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा बीआर अंबेडकर की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाया गया है। कानून व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कानपुर में अब “किडनी भाई” जैसा नया मामला सामने आ रहा है, जो स्वास्थ्य विभाग में गंभीर अनियमितताओं की ओर इशारा करता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशीले पदार्थों का कारोबार भी तेजी से बढ़ रहा है। गांजा बरामदगी के मामलों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि “ऐसा लगता है कि अगली ओटीटी फिल्म ‘गांजा गंज’ पर बन जाएगी।”
कानपुर के विकास पर भी बोले
शहर के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने दावा किया कि कानपुर मेट्रो और पनकी पावर हाउस जैसी परियोजनाएं समाजवादी सरकार की देन हैं। उन्होंने ऐतिहासिक लाल इमली मिल की बदहाली पर चिंता जताते हुए कहा कि भविष्य में सपा ही इसे दोबारा चालू कराएगी और शहर के औद्योगिक गौरव को पुनर्जीवित करेगी।
चुनाव आयोग और बंगाल चुनाव पर बयान
निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग निष्पक्षता से काम नहीं कर रहा। पश्चिम बंगाल के संदर्भ में उन्होंने कहा कि यदि निष्पक्ष माहौल बने, तो ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल
सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी उन्होंने निशाना साधा। उनका कहना था कि जब परियोजनाओं में “कमीशन” लिया जाएगा तो सड़कों और इमारतों की गुणवत्ता प्रभावित होना तय है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि सरकार की “फिल्म” रिलीज से पहले ही फ्लॉप हो चुकी है।


