Kanpur। महाराजपुर थाना क्षेत्र के भेवली गांव में पत्नी की हत्या कर फरार हुए आरोपी पति की तलाश में जुटी पुलिस को गुरुवार सुबह बड़ी सफलता तो मिली, लेकिन अंत बेहद खौफनाक रहा। करीब 48 घंटे तक पुलिस से बचने के लिए इधर-उधर भागता रहा आरोपी सरसौल स्थित एक ईंट भट्ठे के पास पेड़ से लटका मिला। आशंका जताई जा रही है कि गिरफ्तारी के डर से उसने आत्महत्या कर ली।

जानकारी के मुताबिक, बीते मंगलवार को भेवली गांव में घरेलू विवाद के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी को खेत में ले जाकर डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और मृतका के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर महाराजपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। बताया जा रहा है कि पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था और गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था।
गुरुवार सुबह सरसौल क्षेत्र के ग्रामीणों ने एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और उसकी शिनाख्त कराई, जिसमें वह भेवली गांव का वही आरोपी निकला जिसकी तलाश की जा रही थी।
थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी हत्या के मामले में वांछित था। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


