इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना से मिली कामयाबी, चोरी-एनडीपीएस समेत कई मामलों में थे वांछित
Kanpur । नौ साल तक पुलिस की पकड़ से दूर रहे दो वारंटी आखिरकार जीआरपी कानपुर सेंट्रल के हत्थे चढ़ गए। चोरी, डकैती और एनडीपीएस एक्ट जैसे गंभीर मामलों में वांछित दोनों आरोपित वर्ष 2017 से गिरफ्तारी से बचते फिर रहे थे। लंबे समय से उनकी तलाश कर रही पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सटीक मुखबिर सूचना के दम पर दोनों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने पहले औरैया के फफूंद थाना क्षेत्र के अकबरपुर डाढ़ा निवासी संदीप सिंह को दबोचा। उसके खिलाफ एडीजे-22 न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी था। संदीप पर चोरी और एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
इसके बाद बाबूपुरवा के ईदगाह स्थित सफेद कॉलोनी निवासी मो. आमिर को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ एडीजे-27 न्यायालय से वारंट जारी था। आमिर पर एनडीपीएस एक्ट के अलावा चोरी और डकैती के मामलों में भी मुकदमे दर्ज हैं।
जीआरपी अधिकारियों के अनुसार, लंबे समय से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि रेलवे क्षेत्र में अपराध करने वालों और फरार आरोपितों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


