Tuesday, October 6, 2026
HomeकानपुरKanpur : कहासुनी के बाद कमरे में गया युवक, फिर नहीं खुला...

Kanpur : कहासुनी के बाद कमरे में गया युवक, फिर नहीं खुला दरवाजा

11 महीने पहले किया था प्रेम विवाह, पत्नी पांच माह की गर्भवती; अस्पताल से लौटे परिजनों में मचा कोहराम

Kanpur । चकेरी के श्यामनगर स्थित आदर्श विहार में सोमवार रात घरेलू विवाद के बाद युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी से कहासुनी के बाद युवक कमरे में चला गया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजन परेशान हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया और युवक को बाहर निकाला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आदर्श विहार निवासी नफीस खान इंटरनेट केबल ऑपरेटिंग का काम करते हैं। उनका बेटा सुहैल भी पिता के साथ काम करता था। नफीस के मुताबिक उनकी पत्नी शहनाज की तबीयत खराब रहती है और हैलट अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। सोमवार रात परिवार के लोग शहनाज को इलाज के लिए हैलट ले गए थे। घर पर सुहैल और उसकी पत्नी गुलफ्शा थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

परिजनों ने बताया कि विवाद के बाद सुहैल तनाव में कमरे में चला गया। उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर तक जब वह बाहर नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल गए परिवार के लोग आनन-फानन घर लौटे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया। कमरे के भीतर सुहैल अचेत हालत में मिला। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक के बड़े भाई सलमान ने बताया कि सुहैल और सुजातगंज निवासी गुलफ्शा के बीच प्रेम संबंध थे। करीब 11 महीने पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था। गुलफ्शा पांच माह की गर्भवती है। पति की मौत की खबर सुनकर वह बेसुध हो गई। घटना के बाद घर में मातम पसरा है।
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घरेलू विवाद के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...