Kanpur। केसीए के तत्वावधान में जेएनटी स्पोर्ट्स वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित 14वीं जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट लीग में सोमवार को कानपुर साउथ मैदान पर खेले गए मुकाबलों में सिग्मा ग्रिपलॉक एकादश और पर्फ एकादश ने शानदार जीत दर्ज की।

पहले मैच में सिग्मा ग्रिपलॉक एकादश ने आदित्य यादव की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत सोलोवियर एकादश को सात विकेट से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सोलोवियर एकादश ने 18 ओवर में छह विकेट पर 175 रन बनाए। टीम की ओर से कृष सिंह ने 43, अक्षांश यादव ने 32 और अब्दुल अहद ने 30 रन का योगदान दिया। सिग्मा की ओर से शुभांश यादव ने तीन विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए सिग्मा ग्रिपलॉक एकादश ने 20.4 ओवर में तीन विकेट पर मुकाबला अपने नाम कर लिया। आदित्य यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 75 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें नौ चौके और एक छक्का शामिल रहा। अभय प्रताप ने 20 और कृष्णा यादव ने 38 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
दूसरे मुकाबले में पर्फ एकादश ने बालगोलू एकादश को 68 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पर्फ एकादश ने 25 ओवर में आठ विकेट पर 158 रन बनाए। आदित्य राज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 10 चौकों की मदद से 57 रन बनाए। वहीं वेदांश ने 22 और अक्षत शुक्ला ने 35 रन का योगदान दिया। बालगोलू की ओर से ओ. यासिर ने तीन विकेट झटके।
जवाब में बालगोलू एकादश की पूरी टीम 18.3 ओवर में 90 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से मुदित यादव ने 22 रन बनाए। पर्फ एकादश के सूर्यदेव यादव और मयंक त्रिपाठी ने दो-दो विकेट लेकर टीम को आसान जीत दिलाई। मैच के अंत में सिग्मा ग्रिपलॉक के आदित्य यादव और पर्फ एकादश के सूर्यदेव यादव को श्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।


