Kanpur । मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत प्रतिभाशाली एवं आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराने की दिशा में शिक्षकों के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन की अध्यक्षता में शिक्षकों के साक्षात्कार संपन्न हुए।
सीडीओ अभिनव जैन ने कहा कि योजना का उद्देश्य आईएएस, पीसीएस, जेई, नीट और एसएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को चयन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ जल्द समाप्त कर कोचिंग कक्षाएं शुरू कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों का समय व्यर्थ न हो।
जिला समाज कल्याण अधिकारी बीरपाल ने बताया कि 55 शिक्षकों के चयन के लिए 101 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें 83 अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल हुए, जबकि 18 अनुपस्थित रहे।
यहां संचालित होगी कोचिंग
आईएएस-पीसीएस की कोचिंग छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय परिसर में, नीट की कोचिंग राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, कल्याणपुर में और एसएससी की कोचिंग डीबीएस डिग्री कॉलेज में संचालित की जाएगी। चयन प्रक्रिया पूरी होते ही निःशुल्क कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। सीडीओ ने विश्वास जताया कि अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन से अधिक से अधिक युवा प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर जनपद का नाम रोशन करेंगे।


