Kanpur। ग्रीन पार्क छात्रावास के चाइनामैन गेंदबाज विष्णु सरोज 26 मार्च से तेलंगाना में होने वाली 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता में खेलेंगे। उप्र की अंडर-14 और अंडर-16 टीम में शानदार गेंदबाजी करने वाले विष्णु का चयन उप्र की विद्यालय टीम में किया गया। 16 सदस्यीय उप्र की टीम में शहर से जगह बनाने वाले विष्णु एकमात्र खिलाड़ी हैं।
प्रतापगढ़ निवासी विष्णु सरोज पिता दिनेश कुमार और मां पुष्पा देवी के संघर्ष को साकार करने में जुटे हैं। माता-पिता सब्जी की दुकान लगाकर बेटे को क्रिकेटर बनाने के लिए हर दिन तप कर रहे हैं। उनके तप को बेटा विष्णु अब आयाम देने की ओर बढ़ चुका है। विष्णु के कोच और ग्रीन पार्क के उप क्रीड़ाधिकारी अमित पाल ने बताया कि विष्णु में नेचुरल टैलेंट है। परफेक्ट गुगली फेंकने और गेंद को रोटेशन करने की कला इस कलाई के स्पिनर ने छोटी उम्र में ही सीख ली। बेहतर एक्शन होने के साथ गेंद को दोनों ओर घुमाने में माहिर विष्णु पिच में हर बल्लेबाज के लिए चुनौती बनते हैं।
राष्ट्रीय विद्यालय के लिए उप्र की टीम
टीम में इटावा के मेजर ध्यानचन्द्र स्पोर्ट्स कालेज के ओम प्रिय शाक्य, सक्षम प्रकाश, अंशुमान सिंह, तौफिक अली, मेरठ के एएस इंटर कालेज से यहया रिजवी, जनता इंटर कालेज गाजियाबाद के अरमान और मानव, तिलेश्वरी देवी इंटर कालेज बलिया से आयुष्मान सिंह, कमला सिंह इंटर कालेज बलिया से अभ्युदय प्रताप सिंह, गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कालेज से हर्ष यादव, प्रशांत राय, जय नारायण इंटर कालेज वाराणसी से समग्र प्रताप सिंह, राधा भक्ति भारती सरस्वती इंटर कालेज झांसी से सीताराम दास, पीपीएन इंटर कालेज कानपुर से विष्णु सरोज, राजकीय जुबली इंटर कालेज गोरखपुर से सिद्दकी अल्तमश, नेशनल इंटर कालेज लखनऊ से अभिषेक पाल का चयन हुआ।


