सोशल मीडिया पर ऑफर वायरल होते ही आलम मार्ट के बाहर उमड़ा हुजूम, दुकान बंद होते ही हंगामा; एक गिरफ्तार
Kanpur । 16 रुपये में कपड़े और वह भी सिर्फ 16 मिनट के लिए… सोशल मीडिया पर वायरल इस ऑफर ने शनिवार आधी रात आलम मार्केट का माहौल गर्म कर दिया। ऑफर का लाभ उठाने के लिए रात 11 बजे से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। देखते ही देखते आलम मार्ट के बाहर हजारों की भीड़ जमा हो गई। सड़क पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची और यातायात थम गया। भीड़ बढ़ती देख संचालकों ने दुकान बंद कर दी। इसके बाद ऑफर के इंतजार में खड़े लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। हंगामा शुरू हुआ तो भगदड़ जैसे हालात बन गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभाली।

जन्मदिन पर दिया था ऑफर
आलम मार्केट के कपड़ा व्यापारी रईस आलम का 16 अगस्त को जन्मदिन था। इसी मौके पर आलम मार्ट की ओर से सोशल मीडिया पर खास ऑफर प्रचारित किया गया। इसमें बताया गया कि 15 अगस्त की रात 11:59 बजे के बाद 16 अगस्त शुरू होते ही शुरुआती 16 मिनट तक दुकान का कोई भी कपड़ा सिर्फ 16 रुपये में मिलेगा। ऑफर देखते ही बड़ी संख्या में लोग इसे हाथ से जाने नहीं देना चाहते थे।
11 बजे से ही लगने लगी कतार
रात करीब 11 बजे से आलम मार्ट के बाहर लोगों की भीड़ बढ़ने लगी। कुछ ही देर में यह भीड़ हजारों में पहुंच गई। आसपास की सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। चौराहे पर जाम की स्थिति बन गई। दुकान के सामने उमड़े जनसैलाब को देखकर संचालकों को दुकान बंद करनी पड़ी। इससे वहां मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने ऑफर के तहत कपड़े देने की मांग शुरू कर दी।
कहासुनी के बाद बिगड़े हालात
आरोप है कि लोगों और दुकान संचालकों व कर्मचारियों के बीच कहासुनी के बाद गाली-गलौज और मारपीट की नौबत आ गई। देखते ही देखते भीड़ में अफरा-तफरी मच गई। भगदड़ जैसे हालात में कई लोग गिरकर चोटिल हुए। मौके पर चप्पलें तक बिखरी मिलीं। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को तत्काल हस्तक्षेप करना पड़ा।
अतिरिक्त फोर्स बुलाकर संभाली स्थिति
अनवरगंज थाने के दरोगा और पुलिस टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। भीड़ अधिक होने के कारण आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस ने लोगों को समझाकर वहां से हटाया और काफी मशक्कत के बाद स्थिति सामान्य कराई।
एसीपी अनवरगंज मंजय सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर 16 रुपये में कपड़े देने के ऑफर के कारण बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। पुलिस ने समय रहते पहुंचकर कानून-व्यवस्था संभाल ली।।
ड्यूटी पर तैनात दरोगा की तहरीर पर आलम मार्ट संचालक मोहम्मद आलम, रईस आलम, सलमान आलम पुत्रगण अब्दुल खालिद और अन्य सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सलमान आलम को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं रईस और मोहम्मद आलम की तलाश में दबिश दी जा रही है।


