Kanpur । कमिश्नरेट के पश्चिमी जोन अंतर्गत कल्याणपुर थाना क्षेत्र में तीन मंजिला इमारत से गिरकर मजदूर की मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने के बाद आक्रोशित परिजनों ने पोस्टमार्टम के उपरांत यूनिवर्सिटी गेट पर शव रखकर जमकर हंगामा किया।
परिजनों का आरोप था कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और घटना को लेकर प्रशासन व संबंधित जिम्मेदारों की लापरवाही सामने आई है। मृतक के परिवार ने मुआवजे समेत अन्य मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते हंगामा हाई वोल्टेज हो गया और करीब दो घंटे तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। बाद में यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से परिजनों की सभी मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद परिजन शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त हुआ।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।


