निरीक्षण में सड़क, बिजली और सफाई की खामियां मिलीं; बोले,श्रद्धालुओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं
Kanpur । भगवान जगन्नाथ रथयात्रा से एक दिन पहले यात्रा मार्ग की तैयारियों की हकीकत सामने आ गई। आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेई जब जनरलगंज से निकलने वाले रथयात्रा मार्ग का निरीक्षण करने पहुंचे तो जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी सड़कें, लटकते बिजली के तार, गंदगी और पोस्टरों से पटा मार्ग देखकर नाराज हो गए। उन्होंने मौके पर मौजूद नगर निगम और केस्को के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए 24 घंटे के भीतर सभी कमियां दूर करने का अल्टीमेटम दिया।
विधायक ने कहा कि रथयात्रा में अब केवल एक दिन बचा है, जबकि इससे पहले कई वरिष्ठ अधिकारी भी निरीक्षण कर चुके हैं। इसके बावजूद व्यवस्थाएं अधूरी मिलना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक कमी नहीं, बल्कि लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़ा विषय है।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे मार्ग के गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, अधूरा पैचवर्क पूरा किया जाए, लटकते बिजली के तारों को सुरक्षित किया जाए, विशेष सफाई अभियान चलाकर कूड़ा हटाया जाए और दीवारों व चौराहों से सभी अवैध पोस्टर हटाए जाएं। उन्होंने कहा कि रथयात्रा शुरू होने से पहले पूरा मार्ग सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित होना चाहिए।
निरीक्षण में नगर निगम के अधिशासी अभियंता, अवर अभियंता तथा केस्को के अधिशासी अभियंता और अवर अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान ज्ञानू बिश्नोई, सौरभ गुप्ता, पार्षद रजत बाजपेई, चंकी गुप्ता, नारायण दीक्षित, विनोद पांडे, हर्ष नागवंशी, नरेश द्विवेदी, तनिष्क गुप्ता, संस्कार खरे, निखिल गुप्ता, पुण्य जैन, विक्की जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।


