Kanpur । चकेरी पुलिस ने गुरुवार को दोपहिया वाहन चोरी करने वाले शातिर चोर को सनिगवां में उत्तम आईआईटी के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की तीन बाइक और एक स्कूटी बरामद की है। आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस ने बाइक चोरी की चार वारदातों का खुलासा करने का दावा किया है। पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
चकेरी एसीपी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि 27 जुलाई तथा 25 और 26 अगस्त को बाइक चोरी की शिकायतें दर्ज हुई थीं।
घटनाओं के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई थीं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
गुरुवार दोपहर करीब 1:35 बजे संदिग्ध सनिगवां स्थित उत्तम आईआईटी के पास पहुंचा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया। उसकी पहचान फतेहपुर के जाफरगंज थाना क्षेत्र के चरई गांव निवासी सतेंद्र कुमार उर्फ मयंक तिवारी उर्फ सत्या (20) के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बस से फतेहपुर से कानपुर आता था और सुनसान स्थानों पर ऐसे दोपहिया वाहन तलाशता था, जिनका लॉक खराब हो या चाबी लगी रह गई हो। चोरी के बाद वह वाहनों को गांव ले जाकर छिपा देता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी एक चोरी की बाइक कबाड़ी की मदद से कटवाकर बेच चुका है। बरामद चारों वाहनों को भी कटवाकर बेचने की तैयारी थी। पुलिस अब कबाड़ी समेत वाहन खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
सतेंद्र के खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट समेत छह मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले भी बाइक चोरी के मामले में फतेहपुर जेल जा चुका है। करीब डेढ़ महीने पहले जेल से बाहर आने के बाद उसने कानपुर में फिर से चोरी की वारदातें शुरू कर दी थीं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में चोरी की अन्य घटनाओं का भी पता चल सकता है।


