Kanpur । आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए नगर निगम और कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के संयुक्त सहयोग से संचालित स्पोर्ट्स प्रमोशन स्कॉलरशिप योजना का नौवां बैच 6 जुलाई से शुरू होगा। इसके लिए एक जुलाई से चयन ट्रायल होंगें। इस बार योजना में पहली बार क्रिकेट को शामिल किया गया है।
यह जानकारी गुरुवार को हुई आर्यनगर स्थित द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में आयोजित बैठक में अपर नगर आयुक्त-द्वितीय जगदीश यादव ने दी।उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और पात्र खिलाड़ियों के घरों का भौतिक सत्यापन कर वास्तविक जरूरतमंदों को ही योजना का लाभ दिया जाएगा। इसके लिए सात सदस्यीय समन्वय समिति गठित की गई है। कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रतिनिधि मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि खिलाड़ियों को आधुनिक खेल अवसंरचना, फिटनेस मॉनिटरिंग, पोषण संबंधी मार्गदर्शन और अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में दिया जाएगा। साथ ही इस साल पहली बार क्रिकेट को शामिल किया गया है।
जिसके तहत 44 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। क्रिकेट प्रशिक्षण और चयन प्रक्रिया उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) और उत्तर प्रदेश वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीवीसीए) के सहयोग से होगी। आवेदन पत्रों का वितरण 15 जून से शुरू हो चुका है और 26 जून आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि है। योजना के तहत कुल 10 खेलों में 304 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
स्पोर्ट्स हब में अब तक आठ बैचों में 2016 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इन खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में 9 और जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में 131 पदक जीते हैं। बैठक में ट्रांस स्टेडिया के प्रतिनिधि पीके श्रीवास्तव, डॉ. देवेश दुबे समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।


