यात्रियों से पैसे मांगने, विरोध पर गाली-गलौज और हंगामे की मिल रही थीं शिकायतें, जीआरपी-आरपीएफ ने संयुक्त अभियान चलाकर की कार्रवाई
Kanpur । कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से जबरन पैसे वसूलने और विरोध करने पर अभद्रता करने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद रविवार को जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त अभियान चलाकर नौ किन्नरों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर कुछ देर अफरातफरी का माहौल भी रहा, लेकिन पुलिस ने सभी को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया।
रेलवे पुलिस के अनुसार, प्लेटफॉर्म नंबर-10 पर कुछ किन्नरों द्वारा यात्रियों से जबरन रुपये मांगने, मना करने पर गाली-गलौज करने और हंगामा करने की सूचना मिली थी। शिकायत मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही कुछ लोग वहां से निकलने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर सभी नौ आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ के बाद सभी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126 और 135 के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई। पुलिस ने बताया कि स्टेशन परिसर और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
जीआरपी प्रभारी ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर अवैध वसूली, यात्रियों से अभद्रता या डराने-धमकाने जैसी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। यदि कोई व्यक्ति यात्रियों को परेशान करता है या जबरन पैसे मांगता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यदि स्टेशन या ट्रेन में कोई व्यक्ति जबरन पैसे मांगता है, अभद्र व्यवहार करता है या डराने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तुरंत जीआरपी, आरपीएफ या रेलवे हेल्पलाइन पर दें। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।


