पहले दिन 397 खिलाड़ियों ने दिया ट्रायल, चयनकर्ताओं को प्रभावित करने के लिए बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग में दिखाया दम
Kanpur । यूपी टी-20 लीग की फ्रेंचाइजी कानपुर सुपरस्टार्स के खिलाड़ी चयन ट्रायल का पहला चरण शनिवार को शुरू हुआ। ट्रायल के लिए कानपुर, जालौन, फिरोजाबाद और आगरा के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और अपना पंजीकरण कराया।
फ्रेंचाइजी के अनुसार ट्रायल के लिए कुल 634 खिलाड़ियों ने पहले दिन पंजीकरण कराया। जबकि पहले दिन 397 खिलाड़ी चयन प्रक्रिया में शामिल हुए। खिलाड़ियों ने अपनी बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग कौशल का प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं ज्ञानेंद्र पांडेय समेत अन्य को प्रभावित करने का प्रयास किया।
शेष खिलाड़ियों का ट्रायल दूसरे दिन यानि रविवार को किया जाएगा। ट्रायल की प्रक्रिया विशेषज्ञ चयन समिति (पैनल ऑफ सेलेक्टर्स) की निगरानी में खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी, विकेटकीपिंग और क्षेत्ररक्षण पूण किया। यूपी टी-20 लीग के चौथे संस्करण से पहले सभी छह फ्रेंचाइजी कानपुर सुपर स्टार, गोरखपुर लायंस, काशी रुद्राश, लखनऊ फाल्कंस, नोएडा सुपर किंग्स और मेरठ मैवेरिक्स ओपन ट्रायल के जरिए अपनी बेंच स्ट्रेंथ मजबूत करने की तैयारी में जुटी हैं।
ट्रायल के माध्यम से उभरते खिलाड़ियों को प्रदेश की सबसे प्रतिष्ठित टी-20 लीग में अपनी पहचान बनाने का सुनहरा मौका मिलेगा। वह बेहतर प्रदर्शन कर मिनी ऑक्शन तक पहुंचने का लक्ष्य लेकर मैदान पर उतरेंगे। खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन किया गया। फ्रेंचाइजी ने बताया कि ट्रायल का अगला चरण आगरा में आयोजित किया जाएगा। इसकी तिथि जल्द घोषित की जाएगी।


