रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 700 किलो खोया और 150 लीटर मिक्स्ड मिल्क नष्ट
Kanpur । रक्षाबंधन पर मिठाइयों की मांग बढ़ते ही खोये का खेल भी तेज हो गया है। बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई में इसका चौंकाने वाला मामला सामने आया। कहीं गंदगी के बीच खोया तैयार हो रहा था तो कहीं ट्रेन से उतारकर सड़क किनारे बारिश में गंदी बोरियों में 500 किलो खोया रखा मिला। टीम पहुंची तो उसे छोड़कर दो लोग भाग निकले। बदबू इतनी थी कि खोये को प्रथम दृष्टया खाने योग्य नहीं माना गया। दोनों कार्रवाई में 700 किलो खोया और 150 लीटर मिक्स्ड मिल्क नष्ट कराया गया। इनकी कीमत करीब 2.47 लाख रुपये बताई गई है।

मक्खियों के बीच खुले में रखा था खोया
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने घाटमपुर के परास में छापा मारा तो सत्येंद्र सिंह के यहां स्किम्ड मिल्क पाउडर से खोया तैयार किया जा रहा था। निर्माण स्थल पर साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब थी। कई दिन पुराना खोया खुले में पड़ा था और उस पर मक्खियां भिनभिना रही थीं। टीम ने 200 किलो खोया और 150 लीटर मिक्स्ड मिल्क नष्ट करा दिया। नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
ट्रेन से आया, सड़क पर छूटा
दूसरी कार्रवाई में विभाग को इटावा-कानपुर पैसेंजर से बड़ी मात्रा में खोया आने की सूचना मिली। टीम गोविंद नगर स्टेशन के आउटर पर पहुंची तो सड़क किनारे बारिश में गंदी बोरियों में करीब 500 किलो खोया पड़ा मिला। टीम को देखते ही वहां मौजूद दो लोग खोया छोड़कर भाग गए। पूछताछ में पता चला कि खोया ट्रेन से उतारा गया था और उसे ऑटो से ले जाने की तैयारी थी।
बारिश में पड़े खोये से दुर्गंध आ रही थी। काफी देर इंतजार के बाद भी कोई दावा करने नहीं आया। इसके बाद करीब 1.75 लाख रुपये कीमत का 500 किलो खोया कूड़ा निस्तारण स्थल ले जाकर नष्ट करा दिया गया।खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक रक्षाबंधन तक मिठाई और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर अभियान जारी रहेगा।


