Kanpur। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित जिला स्तरीय अंपायरिंग व स्कोरिंग परीक्षा रविवार को केशवपुरम आवास विकास कल्याणपुर स्थित डीएमए वर्ल्ड में संपन्न हुई। लिखित परीक्षा में अंपायरिंग के लिए 17 और स्कोरिंग के लिए 11 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया।
परीक्षा में महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। अंपायरिंग वर्ग में पूनम गुप्ता ने परीक्षा दी, जबकि स्कोरिंग वर्ग में अनुपम और समृद्धि गुप्ता ने हिस्सा लेकर अपनी दावेदारी पेश की। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी की और अभ्यर्थियों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परीक्षा का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर अंपायरिंग और स्कोरिंग के लिए योग्य प्रतिभाओं को तैयार करना और क्रिकेट से जुड़े तकनीकी पक्षों में दक्षता बढ़ाना है।
इस दौरान एसोसिएशन के सचिव कौशल कुमार सिंह, संयुक्त सचिव पीएस नेगी, परीक्षा संयोजक राजेश मिश्रा, सौरभ श्रीवास्तव, कालीशंकर बाजपेयी, तरुण कपूर, महेश पाल, राजेश सिंह, मनोज सिंह और दिनेश कटियार समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


