Kanpur । चकेरी पुलिस ने बुधवार को लालबंगला क्षेत्र में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री के खिलाफ अभियान चलाकर एक दुकानदार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसकी दुकान से चाइनीज मांझे की 24 लटई बरामद की हैं।
पुलिस के मुताबिक, लालबंगला के काजीखेड़ा निवासी अभिषेक साहू की दुकान पर प्रतिबंधित मांझा बेचे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दुकान से 24 लटई चाइनीज मांझा बरामद हुआ। पुलिस ने मांझा कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि चाइनीज मांझा राहगीरों, वाहन चालकों के साथ ही पक्षियों के लिए भी खतरनाक है। इसके बिक्री और भंडारण पर रोक है। पुलिस अब प्रतिबंधित मांझे की सप्लाई करने वालों की भी तलाश कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। दुकानों की निगरानी के साथ संदिग्ध स्थानों पर जांच की जा रही है। प्रतिबंधित मांझा बेचते या भंडारण करते मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


