160 से अधिक खिलाड़ियों ने दिया ट्रायल, प्रदर्शन के आधार पर तीन ग्रेड में हुआ वर्गीकरण
Kanpur । कानपुर जिला खो-खो संघ के तत्वावधान में आयोजित कानपुर खो-खो प्रीमियर लीग-2026 के लिए खिलाड़ियों की ग्रेडिंग प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। ट्रायल में शामिल 160 से अधिक खिलाड़ियों में से 137 खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन के आधार पर ऑक्शन के लिए अपनी जगह बनाई है।
आयोजन सचिव रोहित सोनकर ने बताया कि विभिन्न जनपदों से आए चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का सूक्ष्म मूल्यांकन करते हुए उन्हें खेल कौशल के आधार पर तीन ग्रेड में वर्गीकृत किया। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों ने डिफेंडर, अटैकर और ऑलराउंडर श्रेणियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
ग्रेडिंग प्रक्रिया में अंतरराष्ट्रीय निर्णायक सत्य प्रकाश तिवारी और नवनीत वर्मा (रायबरेली), प्रमोद यादव (यूपी पुलिस खो-खो कोच), संतोष कुमार सिंह (सचिव, कौशांबी जिला खो-खो संघ), शिवलाल यादव (चयनकर्ता, कानपुर जिला खो-खो संघ) और महेश चंद्र झा (चेयरमैन तकनीकी बोर्ड कानपुर जिला खो-खो संघ) ने चयनकर्ता की भूमिका निभाई।
उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के ऑक्शन की तिथि जल्द घोषित की जाएगी। इसके साथ ही प्रतियोगिता के आयोजन की तारीख का भी आधिकारिक ऐलान किया जाएगा। इस मौके पर कानपुर जिला खो-खो संघ के सचिव विपिन कुमार सोनकर, रेफरी बोर्ड के चेयरमैन रामजी प्रजापति, संयुक्त सचिव आनंद कुमार, मीडिया प्रभारी अभिमन्यु सिंह समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।


