Kanpur। खेल निदेशालय उप्र की ओर से प्रदेश स्तरीय समन्वय सबजूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता 3 से दस अक्तूबर तक जौनपुर में होगी। इसमें कानपुर टीम भी हिस्सा लेगी, इसके लिए टीम का चयन सोमवार को जिला और मंडल स्तरीय ट्रायल के आधार पर लिया गया। इसमें कानपुर नगर और कानपुर देहात की 35 बालिकाओं ने ट्रायल में बेहतरीन प्रदर्शन किया।
श्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर 13 बालिकाओं का चयन किया गया, जो प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में कानपुर मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह ट्रायल कानपुर मंडल चयन समिति डीबी थापा, अमित नारंग, ग्रीनपार्क फुटबॉल कोच अमित वर्मा की देखरेख में पूर्ण हुआ।
चयनित खिलाड़ियों में कानपुर नगर से आराध्या दीक्षित, परी तिवारी, अर्पिता सिंह, सुचिता, अनन्या निगम, समृद्धि, नव्या दुबे, इशिता पाल, यशी राठौर, सान्वी शर्मा, राजास्वी शर्मा, कानपुर देहात से साक्षी और लक्ष्मी को शामिल किया गया है। टीम मैनेजर मधु शर्मा को चुना गया है।


