Kanpur। उप्र क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से हुए चार दिवसीय ट्रायल मैच में प्रदेश भर के 120 खिलाड़ियों ने दम दिखाया। एकदिवसीय प्रारूप में खेले गए ट्रायल मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर चैलेंजर ट्राफी के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। जो छह टीम से खेलकर उप्र की अंडर-19 टीम में जगह बनाने का दावा पेश करेंगे। जिन्हें बीसीसीआइ की बोर्ड ट्राफी मुकाबलों में खेलने का अवसर मिलेगा।
गुरुवार को कमला क्लब और श्याम नगर स्थित आरपीसीए मैदान बारी-बारी खिलाड़ियों ने ट्रायल मैच में सटीक लेंथ और बल्लेबाज कौशल का प्रदर्शन किया। अंतिम ट्रायल मैच में खिलाड़ियों के बीच हर क्षेत्र में खुद को साबित करने की होड़ दिखी।
मैच में निर्धारित लक्ष्य लेकर भेजे गए बल्लेबाज और लेंथ पर गेंदबाजी तथा वैरियेशन को चयनकर्ता कमलकांत, रंजीत यादव, जाहिद अली, बृजेंद्र यादव, अरविंद सोलंकी ने देखा और चैलेंजर ट्राफी के लिए ट्रायल मैच के प्रदर्शन के आधार पर संभावित खिलाड़ियों के नाम पर मंथन किया।


