डीएम ने किया निरीक्षण, 26 अगस्त तक सभी कार्य पूरे करने के निर्देश
Kanpur । पी रोड स्थित 107 वर्ष पुराने राधा-कृष्ण मंदिर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जल्द बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। पर्यटन विभाग की 52 लाख रुपये की परियोजना के तहत मंदिर परिसर का विकास और सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। मंगलवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।

परियोजना के तहत मंदिर परिसर में यात्री शेड, टॉयलेट ब्लॉक, विद्युत व्यवस्था, सेप्टिक टैंक, रेलिंग, बाउंड्री वॉल, इंटरलॉकिंग टाइल्स, सबमर्सिबल पंप, सोलर लाइट और स्टोन बेंच जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे श्रद्धालुओं को अधिक सुविधाजनक वातावरण मिलेगा और मंदिर परिसर का स्वरूप भी आकर्षक बनेगा।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित जूनियर इंजीनियर को फटकार लगाते हुए हर हाल में 26 अगस्त तक सभी कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट कहा कि निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।
निरीक्षण के समय पर्यटन अधिकारी नीलम गौतम, उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


