Kanpur। बेबी गेम्स के तीसरे दिन ग्रीन पार्क स्टेडियम में हैंडबाल, जिम्नास्टिक, शतरंज व वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता के मुकाबलों में जूनियर खिलाड़ियों ने प्रतिभा दिखाई। हैंडबाल के ढाई से साढ़े चार वर्ष के आयुवर्ग में मो. जैब की टीम ने स्वर्ण पदक जीता। बालिका वर्ग में सिया की टीम विजयी रही। मिश्रित टीम वर्ग में श्याम नगर की सुघर सिंह अकादमी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, वेटलिफ्टिंग में आरव, वर्धा, माह, आरुष व आर्यन ने बाजुओं का दम दिखाकर स्वर्ण पदक जीता।

जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में गुरनूर, अभय, अद्विका, आरव, नंदिनी व आदित्य ने विभिन्न आयुवर्ग में स्वर्ण पदक जीता। जिम्नास्टिक में हुनर दिखाने के बाद स्केटिंग में बच्चों ने रफ्तार दिखाई और पदक हासिल किया। जूनियर के बीच हुई स्केटिंग प्रतियोगिता में विहान, विवेक, लक्की, रुद्रांश ने स्वर्ण पदक जीता। इसी प्रकार शतरंज में जूनियर के बीच शह और मात का खेल चला। इसमें सौनक दीक्षित, दृषा अग्रवाल, उत्कर्ष मिश्रा, अक्षिता तिवारी ने स्वर्ण पदक जीता।


